भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को धर्मशाला में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए मिशन-2022 का शंखनाद किया। नड्डा ने नेताओं को मतदाता का मोल पहचानने और स्वयं का आकलन करने और हर कार्यकर्ता से सीखने की ललक जगाने का आह्वान किया। भाजपा अध्यक्ष ने संगठन के बड़े स्वरूप को देखकर सुस्त न होने और अपनी शक्ति को पहचानते हुए पूरे जोश के साथ काम करने का भी संकल्प दिलाया। उन्होंने प्रदेश भर के भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को सीधे तौर पर नगर निगम और उपचुनाव सहित 2022 के लिए एकता के साथ आगे बढ़ने का मंत्र देते हुए तैयार हो जाने का संदेश दिया। नड्डा ने अन्य दलों पर तंज कसते हुए कहा कि देश में भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो कार्यकर्ताओं की पार्टी है।
अन्य राजनीतिक दलों में चाचा, भाई या ताया ही उनके संसदीय बोर्ड के सदस्य होते हैं। देश के अधिकतर राजनीतिक दलों को परिवारों की ही पार्टियां चला रही हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें 18 करोड़ सदस्य हैं और कोई भी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री या अध्यक्ष बन सकता है। भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को लेकर चल रही है तथा इसी पार्टी ने देश को आर्थिक मॉडल पर चलने का मार्ग प्रशस्त किया है। यही वजह है कि लोग भाजपा को पसंद करते हैं। हिमाचल में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल ने भी आर्थिक मॉडल बनाकर सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था, जिस वजह से पार्टी आगे बढ़ी। किसी भी बड़े काम को हाथ में लेना और हर कार्यकर्ता द्वारा ताकत लगाना, यही भाजपा की शक्ति है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को यह भी कहा कि वे स्वयं का आकलन जरूर करें कि उन्होंने अपने साथ पार्टी में कितने लोगों को जोड़ा।
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता या नेता को अंतिम समय तक सीखने की आवश्यकता रहती है, तभी परिपक्वता आती है। भाजपा मास और मैनेजमेंट पार्टी है। बूथ स्तर तक काम करना और कार्यकर्ता को संभालना यही भाजपा की शक्ति है। नड्डा ने कहा कि हिमाचल में ही नहीं देश भर में हिमाचल मॉडल चलता है। हिमाचल के संगठन महामंत्री पवन राणा द्वारा बनाए गए पन्ना प्रमुख मॉडल को पूरे देश भर में लागू किया जा रहा है, लेकिन इस मामले में भी पन्ना कमेटियां तैयार कर हिमाचल भाजपा को लीड लेनी होगी। उन्होंने कहा कि 2021 और 22 में फिर हिमाचल मॉडल देश के सामने आए। पन्ना कमेटी के रूप में यह काम हिमाचल भाजपा को करना होगा। नड्डा ने कोरोना काल में भी सराहनीय कार्य करने के लिए प्रदेश भाजपा टीम को बधाई दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ही यह भी आह्वान किया कि केंद्र व राज्य सरकारें जो काम कर रही हैं, वे कार्यकर्ताओं को बार- बार बताएं, तभी केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्य जनता तक पहुंच पाएंगे। जेपी नड्डा ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में बेहतर कार्य करने के लिए हिमाचल भाजपा को बधाई दी।
जेपी नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ता आत्मविशास में आकर सुस्त कभी न हों। अपनी ताकत को संभाल कर रखें और समय पर उपयोग करें। उन्होंने काम करने वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि वे अपने वोटरों को संभाल कर रखें। राजनीतिक क्षेत्र में मतदाता ही नेता का अभिमान होता है। राजनीति को माध्यम बनाकर सेवा करें, लक्ष्य न बनाएं।
हिमाचली प्रोडक्ट्स को करते रहेंगे प्रोमोट
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा वोकल फॉर लोकल के नारे पर काम करते हुए हिमाचल की टोपी, शॉल और चंबा रूमाल आदि को प्रोमोट करते हैं। इसके लिए हिमाचल सरकार को भी विशेष प्रयास करने चाहिए। आने वाले दिनों में देश भर के राजदूतों की जो बैठक होगी, उसमें भी हिमाचली प्रोडक्ट्स को आगे लाकर प्रोमोट किया जाएगा।